
रिपोर्ट-विनोद शुक्ल
जरवल रोड, बहराइच । लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित घाघरा नदी के संजय सेतु पर रविवार की शाम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम करीब 6 बजे पुल के बीचों-बीच लखनऊ से आ रही एक निजी बस में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण वह बीच पुल पर ही खड़ी हो गई, जिससे राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुल पर बस खराब होने की वजह से करीब 2 घंटे के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते ट्रकों, रोडवेज बसों और निजी कारों का लंबा जाम लग गया। रविवार की शाम होने के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक था, जिससे वाहन धीरे-धीरे रेंगते हुए नजर आए। जाम में फंसे यात्रियों को उमस और गर्मी के बीच काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। 
जब काफी देर तक बस ठीक नहीं हो सकी और जाम बढ़ता गया, तो बस में सवार यात्रियों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। यात्रियों ने एकजुट होकर बस को पीछे से धक्का लगाना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद बस को पुल के दूसरे छोर तक पहुंचाया । बस के पुल से हटते ही पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका, जिसके बाद जाम में फंसे वाहनों को राहत मिली।