
रिपोर्ट-विनोद शुक्ला, जरवल रोड, बहराइच । लखनऊ–गोंडा–बहराइच मार्ग पर घाघराघाट स्थित संजय सेतु में इंस्पेक्शन जॉइंट टूटकर नीचे गिर जाने से पुल में गैप बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन गिट्टी, मोरंग लदे डंपर भारी वाहनों के आवागमन पर फिलहाल पूर्ण रूप से रोक लगा दी है। प्रशासन के अनुसार पुल से ट्रक, डंपर और कंटेनर जैसे भारी वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन जैसे खाद्य सामग्री, सब्जी, गैस, डीजल-पेट्रोल टैंकर तथा बसों का आवागमन जारी रखा गया है। वहीं खाली आने-जाने वाले कुछ बड़े वाहनों को भी सावधानी के साथ गुजरने दिया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से मरम्मत की तैयारी की जा रही है,पुल के उपरी सतह का स्थायी इंस्पेक्शन जॉइंट का निर्माण बाद में कराया जाएगा।
थाना प्रभारी निरीक्षक जरवल रोड संतोष कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर (बाराबंकी) ने संयुक्त रूप से बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
अवर अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि दोनों जनपदों के प्रशासनिक स्तर पर गिट्टी-मोरंग लदे डंपर, ट्रक और कंटेनर जैसे भारी वाहन के आवागमन पर फिलहाल रोक लगाई गई है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।