
विनोद शुक्ला जरवल रोड, बहराइच। जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ–बहराइच मार्ग पर रिठौरा ओवरब्रिज के निकट सोमवार सुबह तेज रफ्तार इको कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार में आठ लोग सवार थे। ओवरटेक करने के प्रयास में वाहन असंतुलित होकर हाईवे पर तीन बार पलटते हुए खाई में जा गिरा। हादसे में सभी आठ लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ से सवारियां लेकर तेज रफ्तार में बहराइच आ रही इको कार ओवरटेक करते समय नियंत्रण खो बैठी। दुर्घटना में बहाऊ (42) पुत्र शमशाद निवासी लक्ष्मणपुर माटेही थाना नानपारा, सुल्ले पुत्र जाहिद निवासी खिजरापुर थाना जरवल, अखिलेश (18) पुत्र कामता प्रसाद निवासी काहरन पुरवा थाना नानपारा, रहमत (32) निवासी वजीरगंज थाना कैसरगंज, प्रदीप (18) पुत्र नंदकिशोर निवासी सुकई रुपईडीहा, छोटेलाल पुत्र तालुकदार निवासी लक्ष्मणपुर माटेही सहित अन्य यात्री घायल हो गए।गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में चल रहा है। सीएचसी मुस्तफाबाद में तैनात चिकित्सक डॉ. रविशंकर शुक्ल ने बताया कि चार घायलों की हालत गंभीर चोट होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते घाघरा घाट चौकी प्रभारी दिनेश कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। इसी दौरान ओवरब्रिज पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे उनके हाथ और पैर में चोटें आईं। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी का उपचार भी सीएचसी मुस्तफाबाद में कराया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त इको कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है ।