नेहरू युवा केंद्र की ओर से श्रावस्ती के इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया कार्यक्रम
श्रावस्ती। मेरा युवा भारत श्रावस्ती द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर MYBharat MYVote पदयात्रा, प्रथम बार मतदाता बने युवाओं का सम्मान, मतदाता शपथ, संडे ऑन साईकल सहित मतदाता जागरूकता संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन लाल बहादुर शास्त्री कृषि इंटर कालेज में किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जय चंद्र चौरसिया प्रधानाध्यापक ने नव युवा मतदाताओं को माय भारत बैज व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित करते हुए उपस्थित समस्त युवाओं से मतदान की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी अधिकतम भागीदारी हेतु आग्रह किया। साथ ही उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पदयात्रा के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से मतदाता जागरूकता को एकीकृत करते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व में एक सशक्त जन आंदोलन के रूप में परिवर्तित करने का प्रयास है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अतुल कुमार क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना, मतदाता पंजीकरण को प्रोत्साहित करना, निर्वाचन विवरणों में सुधार करवाना तथा जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है। जिला युवा अधिकारी नवनीत कुमार ने इससे पूर्व कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम एक राष्ट्रव्यापी युवा सहभागिता पहल है जिसका उद्देश्य जागरूक, नैतिक एवं सहभागी निर्वाचन भागीदारी है व इस प्रकार के लोकतांत्रिक अभ्यासों में युवाओं की भागीदारी राष्ट्र-निर्माण का एक महत्वपूर्ण घटक है।इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन लेखा एवं कार्यक्रम पर्य वेक्षक इंद्र सेन चौधरी ने किया उन्होंने बताया कि सभी युवा साथी जो 18 साल के ऊपर के युवा हैं वह मतदान कर सकते हैं, और डॉक्टर त्र्यंबक मनी त्रिपाठी, राम सागर सोनकर समाजसेवी, शुभम कुमार पाठक समाजसेवी, सोनम वर्मा समाजसेविका, वीर बहादुर पाठक कृषि विज्ञान प्रवक्ता सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों सहित भारी संख्या में माय भारत स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
