
जरवल रोड, बहराइच। इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) चीनी मिल, जरवल रोड द्वारा किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मिल प्रशासन ने 7 फरवरी से 13 फरवरी तक खरीदे गए गन्ने का कुल 6 करोड़ 39 लाख रुपये का भुगतान एडवाइज के माध्यम से संबंधित बैंकों को भेज दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मिल प्रबंधक टी.एस. राणा ने बताया कि मिल प्रबंधन किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भुगतान की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मिल प्रबंधक ने क्षेत्र के गन्ना किसानों से अपील की है कि वे मिल में साफ-सुथरा एवं ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें। साफ गन्ने की आपूर्ति से न केवल पेराई कार्य सुचारु रूप से चलता है, बल्कि चीनी रिकवरी में भी सुधार होता है, जिसका लाभ अंततः किसानों को ही मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि गन्ने में पत्तियां, जड़, मिट्टी व अन्य कचरा न मिलाएं, जिससे तौल और गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। मिल प्रशासन किसानों के सहयोग से बेहतर उत्पादन और समय पर भुगतान की व्यवस्था बनाए रखने के लिए संकल्पित है।
