विनोद शुक्ला, जरवलरोड बहराइच। आगामी होली और रमजान के त्योहारों के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना जरवलरोड पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। क्षेत्र को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। पुलिस द्वारा दी गई सूचना के अनुसार, त्योहारों के दौरान क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नए कार्यक्रम के आयोजन पर पूरी तरह रोक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। साथ ही, सादे कपड़ों में इंटेलिजेंस पुलिस के जवान लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील हैं ताकि शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों की भी कड़ी निगरानी की जायेगी । यदि किसी ने भी अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरवल रोड थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। किसी भी ऐसी गतिविधि में शामिल न हों जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था बाधित हो, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फोटो – जरवल रोड थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह