जरवलरोड बहराइच । होली का पर्व नजदीक आते ही जरवल और आसपास के बाजारों में रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक रंग-बिरंगी कबीर गुलाल, आकर्षक पिचकारियां, रंगीन गुब्बारे और होली से जुड़ी विभिन्न सामग्रियों से दुकानें सजी नजर आ रही हैं। बाजारों में बच्चों से लेकर युवाओं तक खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।दुकानदारों ने इस बार ग्राहकों पसंद को ध्यान में रखते हुए नई-नई डिजाइन की पिचकारियां, हर्बल व सुगंधित गुलाल तथा सुरक्षित रंगों की पर्याप्त व्यवस्था की है। बच्चों के लिए कार्टून आकृति वाली पिचकारियां और युवाओं के लिए आधुनिक डिजाइन की बड़ी पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वहीं महिलाओं के लिए विशेष अबीर, फेस कलर और अलग-अलग प्रकार के सौम्य रंग उपलब्ध कराए गए हैं।गुलाल पिचकारी व्यापारी कैलाश नाथ राना ने बताया कि ग्राहकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद है। उनका कहना है कि जैसे-जैसे होली नजदीक आएगी, खरीदारी और तेज होने की संभावना है। जरवल रोड से गुलाल पिचकारी व्यवसायी सिद्धू गुप्ता का मानना है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बाजार में पहले से अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। शाम होते ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है और बाजार रंगों से सराबोर नजर आता है। बलभद्र किराना स्टोर जरवल रोड में अबीर गुलालटैकं तरह-तरह के होली के त्यौहार के व्यंजन भी थोक रेट पर लोग खरीद रहे हैं जिससे दुकानों पर भीड़ लगी है कुल मिलाकर होली पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उमंग और उल्लास का वातावरण है। रंगों की यह छटा आने वाले त्योहार की खुशियों का संदेश दे रही है।
