माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 की हुई शुरुआत:
श्रावस्ती। देश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय बजट 2026-27 पर सीधी बातचीत का अवसर मिलेगा। जिला युवा अधिकारी माय भारत नवनीत कुमार ने बताया कि केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के तहत माय भारत पोर्टल के माध्यम से यह मौका मिलेगा। MY भारत बजट क्वेस्ट 2026 अंतर्गत क्विज राउंड की शुरुआत हो चुकी है। प्रतियोगिता में जो जीतेगा, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का मौका मिलेगा। इससे पहले मंत्रालय ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का भी भव्य आयोजन किया था। खास बात यह रही कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने 1 फरवरी को अपने बजट भाषण में यंग लीडर्स डायलॉग के दौरान युवाओं द्वारा रखे गए सुझावों का उल्लेख किया। केंद्रीय बजट पर आधारित इस पहल की शुरुआत मंगलवार 3 फरवरी से हो चुकी है और पहला राउंड क्विज फॉर्मेट में है। इस क्विज में युवाओं को 30 सवालों का जवाब देना होगा। ज्ञात हो कि युवाओं के कुछ विचारों को केंद्रीय बजट 2026-27 में शामिल भी किया गया है। माय भारत पोर्टल (https://mybharat.gov.in/) पर क्विज शुरू हो चुकी है। यह केंद्रीय बजट 2026 पर आधारित एक राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज है, जिसमें ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीकृत युवा भाग ले सकते हैं और जिसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 है। इसके बाद हर राज्य से बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैंडिडेट्स का चयन किया जाएगा और 17 फरवरी से 3 मार्च तक निबंध लेखन का दूसरा राउंड होगा। निबंध लेखन के इस चरण में युवाओं को विकसित भारत के विजन के अनुरूप केंद्रीय बजट से संबंधित 8 विषय दिए जाएंगे। प्रतिभागी निबंधों के माध्यम से अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे। निबंधों का मूल्यांकन 3 मार्च से 10 मार्च तक किया जाएगा और राज्यों के अनुसार योग्यता सूची 10 मार्च, 2026 को घोषित की जाएगी। राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के विजेताओं के विचारों के बाद ‘विकसित भारत बजट’ के विजन पर युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करने का अवसर मिलेगा और युवा अपनी सोच को पीएम के साथ साझा करेंगे। इस संबंध में अन्य कोई जनाकारी के जिला युवा अधिकारी माय भारत श्रावस्ती कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है।