Oplus_16908288
स्थानांतरण की जानकारी होने पर कार्यालय में जमकर किया हंगामा
विनोद शुक्ला , बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी ने शुक्रवार को तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों पर स्थानांतरण की कार्रवाई की। इससे कर्मचारी नाराज हो गए। सभी ने कार्यालय में जमकर हंगामा किया। इससे अफरा तफरी मच गई। जिस पर एक कर्मचारी को निलंबित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा अटैच कर दिया गया है।
सीएमओ कार्यालय में कृष्ण कुमार, रंजीत और लल्लन प्रसाद की चतुर्थ श्रेणी के पद पर तैनाती है। इन कर्मचारियों द्वारा कार्यालय का काम नहीं किया जाता है। इससे परिसर में गंदगी रहती है। सीएमओ डा. संजय कुमार ने बताया कि लापरवाही के चलते इन कर्मचारियों का स्थानांतरण अन्य केंद्रों पर किया गया। इसकी जानकारी होने पर सभी ने शाम पांच बजे विवाद शुरू कर दिया। कार्यालय के अन्य कर्मचारियों को अपशब्द कहे। यह कार्यशैली सरकारी सेवा के खिलाफ है। इसको देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने लल्लन प्रसाद को निलंबित कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में अटैच कर दिया है। जबकि कृष्ण कुमार को पीएचसी खुटेहना व रंजीत को विशेश्वरगंज सीएचसी भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कमेटी गठित कर करवाई जाएगी। सभी पर जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।