नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर चला जलाभिषेक, शाम को भव्य श्रृंगार व विशाल आरती

विनोद शुक्ला जरवल रोड, बहराइच । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सब्जी मंडी के निकट बरगद वाली गली स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में प्रातःकाल से ही शिवभक्तों का तांता लगा रहा। सुबह होते ही मंदिर परिसर में घंटा-घड़ियालों की मधुर ध्वनि गूंजने लगी और श्रद्धालु अपनी-अपनी बारी से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते नजर आए।
भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ जल, दूध व बेलपत्र अर्पित कर शिव आराधना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।
शाम के समय कार्यक्रम आयोजकों द्वारा भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। श्रृंगार के उपरांत घंटा-घड़ियाल और मंत्रोच्चार के बीच विशाल आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर हेमंत शुक्ला, सन्नू शुक्ला, गोलू श्रीवास्तव, चंदन वर्मा, मानसी तिवारी, चंद्रमौलि तिवारी, माहेश्वरी तिवारी, निर्मल सोनी, माधव शुक्ला, अमन सोनी, मुन्ना शुक्ला, पूनम त्रिवेदी, मीरा शुक्ला सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।