
विनोद शुक्ला जरवलरोड, बहराइच । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जरवलरोड के प्राचीन शिव मंदिर से निकली भव्य एवं दिव्य शिव बारात की अद्भुत छटा ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया। गाजे-बाजे, डमरू दल और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के बीच जैसे ही बारात मंदिर प्रांगण से निकली, श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भगवान भोलेनाथ की मनोहारी झांकी, शिव-पार्वती का सजीव रूप और शिव तांडव पर झूमते भक्त आकर्षण का केंद्र बने रहे। नगर के प्रमुख मार्गों—रेलवे स्टेशन मार्ग, सब्जी मंडी, इंटर कॉलेज मार्ग, तूफानी चौराहा और गल्ला मंडी से होते हुए बारात पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां भव्य स्वागत-सत्कार के साथ व्यंजन सहित भोजन प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे मार्ग को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। नगर के विभिन्न शिवालयों में प्रातःकाल से ही घंटा-घड़ियाल की ध्वनि के साथ जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

आयोजन समिति के चंदन गुप्ता, नीरज अग्रवाल, बनारसी दास गुप्ता एवं अन्य सदस्यों ने बताया कि इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई, आयोजक चंदन गुप्ता एवं संजय गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया । इस शिव बारात में ब्लॉक प्रमुख जरवल बिपेन्द्र प्रताप सिंह क्षेत्रीय विधायक पुत्र अभिषेक यादव, शेषनारायण यादव, मुकेश यादव सुशील श्रीवास्तव शरद पोरवाल, चंद्र कुमार जैन, जगत राम यादव, उदल यादव, किरन पांडे, ललिता विश्वकर्मा, सन्नू गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे ।