
विनोद शुक्ला, जरवलरोड बहराइच । थाना जरवलरोड पुलिस को चोरी की मोटरसाइकिलों के गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 05 अदद मोटरसाइकिल, 03 अदद चेचिस, 04 अदद खुले इंजन के पार्ट्स, 01 हथौड़ी, 02 रिंच, 01 प्लास, 01 ग्राइंडर, 03 मोबाइल फोन तथा 2100 रुपये नकद बरामद करते हुए 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है । थाना जरवलरोड जनपद बहराइच की पुलिस टीम उ0नि0 शिवम कुमार कनौजिया मय हमराह के साथ क्षेत्र में रोकथाम जुर्म-जरायम व रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ हरचंदा गांव की ओर से जरवल कस्बा मेन रोड की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने हरचंदा रोड के पहले मोड़ पर घेराबंदी की । कुछ ही देर में दो मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही तीनों व्यक्तियों को रोक लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अलीमुद्दीन उर्फ सोनू पुत्र शमसुद्दीन निवासी मीरपुर थाना कैसरगंज, फैयाज पुत्र रज्जब निवासी कटरा दक्षिणी जरवल कस्बा, सफीक पुत्र इसराइल निवासी तकिया मोहल्ला जरवल कस्बा बताया । कड़ाई से पूछताछ में अलीमुद्दीन उर्फ सोनू ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर एक मोटरसाइकिल अचेहरा द्वारिकापुरी से तथा दूसरी बाराबंकी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक स्कूल से चोरी की थी। चोरी की गई गाड़ियों को सफीक व आजाद नामक व्यक्ति को सौंप दिया जाता था, जो उन्हें खोलकर कीमती पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे। शेष पार्ट्स व चेचिस को दीपक पुत्र धनीराम की कबाड़ की दुकान पर बेच दिया जाता था । पुलिस आरोपियों को साथ लेकर आजाद की दुकान पर पहुंची, जहां आजाद पुत्र मोबीन अहमद निवासी परसोहर थाना जरवलरोड को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर कबाड़ गोदाम से चोरी की मोटरसाइकिलों के खुले पार्ट्स, चेचिस व अन्य सामान बरामद किया गया ।बरामद मोटरसाइकिलों में एक हीरो सुपर स्प्लेंडर (नंबर प्लेट UP 40 J 5329) शामिल है, जिसकी चेचिस संख्या को रगड़कर मिटाया गया था और नंबर प्लेट बदली गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से वीवो व मोटोरोला कंपनी के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं । पुलिस ने चारों अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 317(2), 319(2), 336(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है ।
