
विनोद शुक्ला जरवलरोड, बहराइच । लखनऊ–गोण्डा रेल प्रखंड पर स्थित आईपीएल चीनी मिल के निकट समपार संख्या 295 पर मंगलवार सुबह एक ट्रैक्टर-ट्राली फंसने से रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा । प्राप्त जानकारी के अनुसार, चीनी मिल में गन्ना डालकर सुबह लगभग 10 बजकर 16 मिनट पर घर लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली चीनी मिल की तरफसे किसान इंटर किसान की तरफ समपार पार कर गई थी। दक्षिणी छोर पर ट्रैक्टर तो फाटक पार कर गया, लेकिन ट्राली के पिछले हिस्से में लगा खूंटा गेट में फंस गया। इससे रेलवे फाटक टूट गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना गेटमैन ने तत्काल जरवल रोड स्टेशन मास्टर को अवगत कराया सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस चौकी, रेलवे स्टेशन जरवलरोड के प्रभारी राजेश पाण्डेय की टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को अभिरक्षा में लेकर आरपीएफ बुढ़वल के सुपुर्द कर दिया । घटना के बाद लगभग दो घंटे तक समपार पर जरवल रोड,जरवल कस्बा, बाइपास मार्ग का आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान गन्ना लदे वाहनों सहित अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया। रेलवे विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त फाटक की मरम्मत कराई गई तथा ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए अस्थायी फाटक लगाकर आवागमन नियंत्रित किया गया।