

क्षेत्र को मिलेगी उच्च शिक्षा की सौगात
विनोद शुकला
जरवल रोड, बहराइच।
उद्भभव शिक्षा निकेतन में शैक्षिक विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। विद्यालय में वर्तमान में जूनियर हाईस्कूल तक संचालित शिक्षा व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए अब इंटरमीडिएट स्तर तक की पढ़ाई प्रारंभ करने के लिए प्रस्तावित इंटर कॉलेज भवन निर्माण कार्य का विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर यूनिट हेड टी.एस. राणा ने बताया कि यह महत्वपूर्ण चीनी मिल की तरफ से तथा क्षेत्रीय गणमान्य किसानों की मांग को गंभीरता से लेकर आईपीएल शुगर मिल के प्रबंध निदेशक डॉ. पी.एस. गहलोत के मार्गदर्शन एवं आदेशानुसार संभव हो सकी है। उनके अथक प्रयासों से इंटर कॉलेज संचालन की अनुमति प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि भवन का नक्शा स्वीकृत होने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है और निर्माण कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है न्यू की खुदाई के बाद कार्य चल रहा है प्रस्तावित इंटर कॉलेज भवन आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिसमें पर्याप्त कक्षा-कक्ष, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
यूनिट हेड श्री राणा ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता से मुक्त करना है, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आईपीएल चीनी मिल इकाई सदैव क्षेत्र के सामाजिक एवं शैक्षिक विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है और यह परियोजना उसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है।
शुभारंभ कार्यक्रम में यूनिट के सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यालय स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर बताया।

