विनोद शुक्ला जरवलरोड, बहराइच । थाना जरवल रोड में पूर्व सब पोस्टमास्टर के खिलाफ छह लाख रुपये के कथित गबन के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। डाक विभाग के निरीक्षक शुभम गौरव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अक्टूबर और नवंबर 2019 में जरवल में तैनात सब पोस्टमास्टर पुत्तन (निवासी चिनहट, लखनऊ) ने एक बचत बैंक खाते से 2 नवंबर 2019 को छह लाख रुपये निकाल लिए । यह खाता ग्राम गंडारा, कैसरगंज निवासी स्वर्गीय कृष्णानंद जायसवाल का था, जिनका निधन 31 अक्टूबर 2019 को हो चुका था। आरोप है कि खाताधारक की मृत्यु के बाद भी खाते से रकम निकाल ली गई, जो नियमों के खिलाफ है। बताया गया है कि संबंधित कर्मचारी का 18 नवंबर 2019 को बहराइच मंडल से लखनऊ मंडल तबादला हो गया था। बाद में डाक विभाग ने जांच के बाद 6 जुलाई 2022 को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया ।
