
विनोद शुक्ला जरवलरोड, बहराइच । संजय सेतु घाघराघाट पुल की जर्जर हालत को देखते हुए इसकी मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विभागीय स्तर पर पुल की संरचनात्मक स्थिति का आकलन करने के बाद कम से कम बजट में नया एस्टीमेट तैयार करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को प्रस्ताव भेजा गया है ।
एनएचएआई के इंजीनियर अनंत मौर्य ने बताया कि पहले संजय सेतु की मरम्मत के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये तथा वैकल्पिक पीपे पुल के निर्माण के लिए करीब नौ करोड़ रुपये का अनुमान प्रस्तावित था। अब निर्देश दिया गया है कि आवश्यक तकनीकी बिंदुओं को शामिल रखते हुए खर्च को यथासंभव कम किया जाए और संशोधित बजट तैयार किया जाए । उन्होंने बताया कि पुल के कई हिस्सों में संरचनात्मक क्षति पाई गई है, जिससे मरम्मत कार्य जरूरी हो गया है। साथ ही, मरम्मत के दौरान आवागमन बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक पीपे पुल की व्यवस्था भी प्रस्तावित की गई है ।
नया एस्टीमेट तैयार होने और विभागीय सहमति मिलने के बाद कार्य शीघ्र शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।