
विनोद शुक्ला जरवल रोड, बहराइच। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विकासखंड जरवल के छात्र-छात्राओं का एक्सपोजर विजिट पूर्व निर्धारित तिथि पर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। ब्लॉक स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के प्रारंभिक व अंतिम चरण में प्रतिभाग करने वाले उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों के चयनित विद्यार्थियों को इस शैक्षिक भ्रमण में शामिल किया गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी, जरवल के नेतृत्व में ब्लॉक संसाधन केंद्र से दो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म, बैग और स्टेशनरी भी वितरित की गई।

वैज्ञानिक जानकारियों से छात्र-छात्राएं हुए रूबरू
भ्रमण दल का स्वागत नदी संरक्षण केंद्र के कोऑर्डिनेटर हर्षित सिंह एवं उनकी टीम ने किया। यहां बच्चों को जैव पारिस्थितिकी, जैव विविधता, कछुआ, डॉल्फिन और घड़ियाल संरक्षण, खाद्य श्रृंखला, सर्पों की दुनिया, बाघ संरक्षण, जल एवं प्लास्टिक प्रदूषण जैसे विषयों की सरल और रोचक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने संरक्षण कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान
शैक्षिक भ्रमण के दौरान ज्ञानवर्धक और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को “उत्कृष्ट अवलोकक”, “एक्टिव पार्टिसिपेंट” और “क्विज चैंपियन” के रूप में सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच और सीखने की रुचि को बढ़ावा मिला।

शिक्षकों और सहयोगियों का योगदान
कार्यक्रम के सफल संचालन में एआरपी सनत कुमार, अभिषेक श्रीवास्तव, विनय सिंह एवं विनय शुक्ला का विशेष योगदान रहा। विज्ञान शिक्षिका साइमा बेबी और क्षमा यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष आसिफ अली, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय प्रथम जरवल रोड संतोष वर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश सरोज, जूनियर हाई स्कूल संघ के जिला संयुक्त मंत्री अलीम अहमद, ब्लॉक मंत्री सत्येंद्र गंगवार, कोषाध्यक्ष नृपेंद्र पांडेय, आकांक्षा सिंह, दीपाली गुप्ता, कार्यालय सहायक पवन कुमार, जय प्रकाश एवं अरविन्द कुमार के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।