
विनोद शुक्ला, जरवल रोड, बहराइच । होली और रमजान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जरवल रोड थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली और रमजान जैसे पवित्र त्योहारों को आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं।

थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, इसे बदरंग न होने दें और रमजान के पवित्र माह का सम्मान बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। यदि किसी भी प्रकार की आशंका या समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें। जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के पर्व का सम्मान करें तथा क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें। थाना प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहारों में व्यवधान डालने वाले अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा । शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए हल्का सिपाहियों को नियमित गश्त के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस की “तीसरी आंख” माने जाने वाले चौकीदारों को भी उनके दायित्वों के प्रति सचेत किया गया है।बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से उपस्थित जनसमुदाय से सुझाव एवं शिकायतें भी आमंत्रित की गईं और सभी से सहयोग की अपील की गई, ताकि क्षेत्र में शांति और सद्भाव का वातावरण बना रहे। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रतिनिधि संजय राव, प्रधान प्रतिनिधि अजमत, श्रीचंद जैन, जमाल अहमद, नसीम अहमद नीरज अग्रवाल, थाने के उपनिरीक्षक, कांस्टेबल रामसागर, व्यापारी, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, जनप्रतिनिधि सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।