
रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवलरोड, बहराइच।
नगर पंचायत जरवल में शासन द्वारा मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को शहनाई मैरिज हाल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम कैसरगंज ने नव-मनोनित सभासद संतोष श्रीवास्तव, कृष्ण पाल लोधी और मंगल जायसवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। एसडीएम ने सभासदों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करते हुए नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि नगर पंचायत के विकास में सभासदों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील की।भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गौरव वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर नगर का समुचित विकास और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। लोकतंत्र सेनानी प्रमोद कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने की बात कही और नव-मनोनित सभासदों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि इंतजार अहमद ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और सभासदों को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सुबेद वर्मा, पवन वर्मा, संजय राव, नन्हे लाल लोधी, डॉ. वी.पी. सिंह, नीरज श्रीवास्तव, विपेंद्र सिंह (ब्लॉक प्रमुख), कृष्ण मुरारी अग्रवाल, विजय कुमार सर्राफ, सचिन गर्ग, ओम प्रकाश अवस्थी, जितेंद्र कुमार गुप्ता, राजेश कुमार सर्राफ, ओम चंद्र वर्मा, परमेश कुमार अग्रवाल, ओम जायसवाल, अंकुश कुमार और सौरभ कसौधन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी श्रीमती खुशबू यादव और नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तस्लीम बानो भी उपस्थित रहीं।