
रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवलरोड, बहराइच। देवीपाटन मंडल की लाइफलाइन माने जाने वाले संजय सेतु को गुरुवार दोपहर 12 बजे से आगामी दो माह के लिए सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर इसका जीर्णोद्धार कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। पुल बंदी के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान पुलिस क्षेत्र अधिकारी कैसरगंज डीके श्रीवास्तव थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह चौकी प्रभारी घाघरा घाट दिनेश कुशवाहा नायब तहसीलदार सुरेंद्र वर्मा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के रेजिडेंट इंजीनियर अनंत राम मौर्य, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजीत कुमार, अवर अभियंता एस.के. राव, राजेश कुमार, आलोक यादव, ट्रैफिक पुलिस क्षेत्राधिकारी राज सिंह, पीटीओ अवध राज गुप्ता, सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

वैकल्पिक व्यवस्था से राहत
आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संजय सेतु के बगल उत्तरी छोर पर बनाए गए प्लाटून पुल से आवागमन शुरू कर दिया गया है। इस वैकल्पिक मार्ग से वर्तमान में निम्न सेवाएं संचालित की जा रही हैं—
स्कूली बसें एवं वैन
एंबुलेंस व अन्य आपातकालीन सेवाएं
दोपहिया वाहन
छोटे चारपहिया यात्री वाहन प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें।
ईंधन आपूर्ति को प्राथमिकता
एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अनंत राम मौर्य ने बताया कि मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिलाधिकारी के विशेष निर्देश पर पेट्रोलियम ईंधन लेकर शहर की ओर आ रहे कुछ वाहनों को अस्थायी रूप से पुल पार करने की अनुमति दी गई, ताकि शहर की आपूर्ति बाधित न हो।

शुक्रवार से तेज होगा काम
शुक्रवार सुबह से पुल के ऊपरी हिस्सों पर भारी मशीनरी के साथ बड़े पैमाने पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।