
रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवल रोड बहराइच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से बहराइच तक 101.5 किमी लंबे 4-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। इस पूरी परियोजना पर 6969.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
एक घंटे बचेगा समय, रफ्तार पकड़ेगा विकास
इस नए हाईवे के बनने से बाराबंकी और बहराइच के बीच यात्रा के समय में लगभग एक घंटे की कमी आएगी। ‘एक्सेस-कंट्रोल्ड’ हाईवे होने के कारण वाहनों की गति तेज होगी और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। यह सड़क न केवल सफर आसान करेगी, बल्कि ईंधन की बचत और सड़क सुरक्षा में भी सुधार लाएगी।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
यह कॉरिडोर बाराबंकी, रामनगर, जरवल, कैसरगंज, कुंडासर, फखरपुर और बहराइच जैसे प्रमुख शहरों को सीधे जोड़ेगा। साथ ही, लखनऊ और श्रावस्ती एयरपोर्ट और रूपईडीहा लैंड पोर्ट तक पहुँच आसान हो जाएगी, जिससे भारत-नेपाल के बीच व्यापार को नई गति मिलेगी।
परियोजना की बड़ी बातें:
कुल लंबाई: 101.515 किलोमीटर।
बाईपास: शहरों में जाम से बचने के लिए 48.28 किमी लंबे बाईपास बनेंगे।
रोजगार: परियोजना से लगभग 80 लाख (प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष) व्यक्ति-दिवस रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
कनेक्टिविटी: यह सड़क श्रावस्ती और बहराइच जैसे जिलों को मुख्य आर्थिक केंद्रों से जोड़ेगी।