घाघराघाट बनेगा नया पर्यटन आकर्षण, 1130 मीटर बैलेंसिंग सिग्नेचर ब्रिज, लंबे केबल-स्टेड पुल से बदलेगी तस्वीर

रिपोर्ट -विनोद शुक्ला
जरवलरोड (बहराइच): बाराबंकी और बहराइच के बीच सफर करने वालों के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। नेशनल हाईवे (NH-927) को अब आधुनिक बनाया जायेगा । इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा आकर्षण होगा घाघरा नदी पर बनने वाला 1130 मीटर लंबा ‘सिग्नेचर ब्रिज’।
क्या है इस प्रोजेक्ट में खास?
दूरी होगी कम: बाराबंकी से बहराइच जाने में जो ढाई घंटे (2:30 घंटे) लगते थे, वह अब घटकर मात्र सवा घंटा (1:15 घंटा) रह जाएगा।
आधुनिक तकनीक (केबल-स्टेड): यह पुल ऊंचे टावरों और मजबूत स्टील की रस्सियों (केबल) के सहारे टिका होगा। यह देखने में दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज जैसा खूबसूरत और बहुत मजबूत होगा।
चौड़ी सड़कें: 101 किलोमीटर लंबा यह हाईवे फिलहाल 4-लेन का होगा, लेकिन भविष्य में इसे 6 या 8 लेन तक बढ़ाया जा सकेगा।
बजट और समय: इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब ₹6969 करोड़ खर्च होंगे। इसका काम अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
आम जनता को क्या फायदे होंगे?
पर्यटन और खूबसूरती: नदी के ऊपर से गुजरता आधुनिक पुल और बगल में ऐतिहासिक एल्गिन ब्रिज (रेलवे) का नज़ारा इसे एक बेहतरीन टूरिस्ट स्पॉट बना देगा। लोग यहाँ फोटोग्राफी और घूमने आ सकेंगे।
पर्यावरण का ख्याल: पुल के नीचे पिलर (खंभे) कम होंगे, जिससे नदी का बहाव नहीं रुकेगा और जलीय जीवों को नुकसान नहीं होगा।