रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवल रोड, बहराइच । रेल मंत्रालय के अंतर्गत लखनऊ मंडल (NER) में चल रही बुढ़वल–गोंडा तीसरी रेल लाइन परियोजना के तहत घाघराघाट से बुढ़वल तक नई तीसरी लाइन का सोमवार को उच्च स्तरीय वैधानिक (स्टैच्यूटरी) निरीक्षण किया जाएगा। इस निरीक्षण को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा किया जाएगा। यह निरीक्षण विशेष रूप से सरयू नदी पर बने नए रेलवे पुल सहित पूरे रेलखंड की सुरक्षा मानकों और तकनीकी गुणवत्ता की जांच के लिए किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षण घाघराघाट (किमी 707/9–708/0) से बुढ़वल (किमी 717/4–5) तक प्रस्तावित तीसरी लाइन पर किया जाएगा। निरीक्षण के लिए विशेष ट्रेन सुबह करीब 09:30 बजे लखनऊ जंक्शन से रवाना होकर संबंधित रेलखंड का जायजा लेगी। रेलवे प्रशासन ने इस निरीक्षण को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों के उपयोग के लिए रेलवे सलून को 5 अप्रैल 2026 की रात 8 बजे तक लखनऊ जंक्शन के सलून साइडिंग पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरा होने से बुढ़वल–गोंडा रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम होगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मालगाड़ियों की आवाजाही भी तेज होगी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यदि निरीक्षण संतोषजनक रहा, तो तीसरी लाइन और एल्गिन ब्रिज के बगल घाघरा नदी पर बने नए रेलवे पुल को जल्द ही ट्रेनों के संचालन के लिए हरी झंडी मिल सकती है। रेलवे अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
