
रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवल रोड, बहराइच । जरवल कस्बा के संगत मंदिर तमोली टोला में आयोजित संगीतमय श्रीराम कथा ‘अमृत वर्षा’ के नौवें व अंतिम दिन का कार्यक्रम अत्यंत भावपूर्ण और भक्ति से सराबोर रहा। पूज्य रुबी दीदी जी ने अपने मुखारविंद से रामचरितमानस की पावन कथाओं का ऐसा जीवंत वर्णन किया कि पूरी सभा मंत्रमुग्ध हो गई। उन्होंने सीता माता की खोज की व्यथा, भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए भीषण युद्ध, तथा अयोध्या में श्रीराम के राजतिलक तक की घटनाओं को बड़े ही भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया। कथा सुनते-सुनते श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन हो गए। कार्यक्रम के दौरान दीदी जी ने मधुर भजन “हम बृजवासी अपने घर जा रहे हैं…” प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद माताएं, बहनें और सभी श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भजन के बीच अचानक हल्की बारिश की बूंदें गिरने लगीं, जिसे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी की कृपा का संकेत माना। उस पल का दृश्य अत्यंत दिव्य और भावुक कर देने वाला था। दीदी जी की आंखें भी नम हो गईं और पूरे पंडाल में एक अद्भुत शांति का वातावरण छा गया, मानो रामराज्य की अनुभूति हो रही हो। अगले दिन प्रातःकाल हवन एवं पूर्णाहुति का विधिवत आयोजन किया गया। इस पावन कथा ने जहां लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा दी, वहीं क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामुदायिक एकता को भी मजबूत किया।