
रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवलरोड, बहराइच। नगर मजिस्ट्रेट एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी बहराइच, राजेश प्रसाद ने जानकारी दी है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-927 (बाराबंकी-बहराइच सेक्शन) के फोरलेन चौड़ीकरण कार्य के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। इसके अंतर्गत तहसील कैसरगंज के 60 तथा तहसील महसी के 4 ग्रामों की भूमि ली जा रही है। तहसील कैसरगंज के तप्पेसिपाह, आदमपुर, झुकिया, मुस्तफाबाद और रिठौड़ा सहित कुल 8 गांवों के जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की जा रही है, उनके मुआवजे के निर्धारण के लिए 1 अप्रैल 2026 को स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट के अनुसार इस निरीक्षण में तहसील कैसरगंज की राजस्व टीम और एनएचआई (NHAI) की टीम मौके पर मौजूद रहेगी। निरीक्षण के दौरान अधिग्रहित की जा रही भूमि की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा और यह भी देखा जाएगा कि किसानों की कितनी संपत्तियां, जैसे मकान या अन्य निर्माण, इस परियोजना से प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन ने संबंधित किसानों से अपील की है कि वे निरीक्षण के समय मौके पर उपस्थित रहकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें, जिससे मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से पूरी की जा सके।