
रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवलरोड, बहराइच । थाना जरवल रोड क्षेत्र के ग्राम करमुल्लापुर के मजरा अबुल्लापुर में रविवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर चाकू और लाठी से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय गौरव वर्मा उर्फ रजत अपने घर पर परिवार के साथ रहता है। आरोप है कि रविवार रात करीब 1 बजे उसका छोटा भाई हर्षवर्धन वर्मा उर्फ हरशू उसे आवारा जानवरों को भगाने के बहाने खेत की ओर ले गया। खेत पर पहुंचने के बाद आरोपी ने पहले अपना मोबाइल गौरव को पकड़ाया और शौच जाने का बहाना बनाकर पीछे चला गया। इसी दौरान उसने पीछे से आकर गौरव की पीठ पर चाकू से कई वार कर दिए। जब गौरव जान बचाकर भागने लगा तो आरोपी ने लाठी से भी उस पर हमला किया। घटना के बाद गौरव की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुका था। घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है ।