
रिपोर्ट – विनोद शुक्ला
जरवल रोड, बहराइच। आईपीएल चीनी मिल जरवल रोड परिसर में बसंतकालीन गन्ना बुवाई की प्रगति की समीक्षा हेतु अपर गन्ना आयुक्त (कय) श्री विश्वेश कनौजिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व अपर गन्ना आयुक्त द्वारा ग्राम करनईडीह, जरवल रोड क्षेत्र में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित अगेती प्रजाति की गन्ना पौधशाला का निरीक्षण किया गया। इस दौरान किसानों को 16202 एवं 18231 प्रजाति की गन्ना पौध वितरित कर उनके खेतों में गन्ना रोपण भी कराया गया। इसके उपरांत चीनी मिल परिसर में देवीपाटन मण्डल के गन्ना विभाग एवं चीनी मिल के अधिकारियों के साथ बसंतकालीन गन्ना बुवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में वर्तमान बुवाई की स्थिति, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति तथा अस्वीकृत प्रजातियों के स्थान पर अगेती प्रजाति के गन्ने की बुवाई की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के अंत में अपर गन्ना आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा किसानों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे गन्ना उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर श्री आर०बी० राम, उप गन्ना आयुक्त देवीपाटन मण्डल गोण्डा, जिला गन्ना अधिकारी बाराबंकी, बहराइच, गोण्डा एवं बलरामपुर सहित अन्य अधिकारीगण तथा चीनी मिल जरवल रोड के इकाई प्रमुख श्री टी०एस० राणा एवं विभागाध्यक्ष (गन्ना) श्री संजीव कुमार चौधरी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
